हमारे देश में लगभग हर तीन मिनट में एक आदमी की सड़क हादसे में मृत्यु
"चर्चा चाय पर" में गूंजा सड़क सुरक्षा का मुद्दा : माहेश्वरी कपल क्लब ने सड़क हादसे रोकने के लिए दिए 10 ठोस सुझाव
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 20 सितम्बर
अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत, भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा आज राष्ट्रीय कार्यालय गीता भवन सभागार में "चर्चा चाय पर" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और उनके नियंत्रण के लिए 10 प्रमुख सुझावों पर चर्चा की गई।
क्लब के सदस्यों ने कहा कि NCRB के आंकड़ों के अनुसार भारत में प्रतिदिन 450 से अधिक मौतें सड़क हादसों में होती हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। केवल सख्ती या केवल जागरूकता से काम नहीं चलेगा, दोनों को साथ-साथ चलाना होगा।
*बैठक में निम्न 10 सुझाव सर्वसम्मति से पारित किए गए :*
*1. सख्त यातायात नियम:* स्पीड लिमिट, हेलमेट, सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने पर भारी जुर्माना और लाइसेंस सस्पेंड की कार्रवाई सख्ती से हो।
*2. बेहतर सड़क इंजीनियरिंग:* ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर सुधार, पर्याप्त साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट और पैदल यात्री क्रॉसिंग की व्यवस्था।
*3. लाइसेंस प्रक्रिया में सुधार:* लाइसेंस के लिए अनिवार्य ट्रेनिंग और बायोमेट्रिक टेस्टिंग से फर्जीवाड़ा रोकना।
*4. तकनीकी नियंत्रण:* हाईवे पर स्पीड कैमरे, इंटरसेप्टर वाहन, GPS मॉनिटरिंग और कमर्शियल वाहनों में स्पीड गवर्नर अनिवार्य।
*5. स्कूली शिक्षा में सड़क सुरक्षा:* बच्चों को प्रारंभ से ही ट्रैफिक नियमों और रोड सेंस की जानकारी देना।
*6. आपातकालीन तंत्र मजबूत हो:* गोल्डन ऑवर में उपचार के लिए हर 50 किमी पर एम्बुलेंस, ट्रॉमा सेंटर और गुड समैरिटन कानून का प्रचार।
*7. वाहन फिटनेस:* पुराने वाहनों पर रोक, PUC-फिटनेस अनिवार्य और एयरबैग, ABS जैसे सुरक्षा मानक सभी वाहनों में लागू।
*8. लेन ड्राइविंग का पालन:* भारी वाहनों के लिए अलग लेन, नो-एंट्री टाइम का कड़ाई से पालन और रिफ्लेक्टर/टेल लाइट अनिवार्य।
*9. जन-जागरूकता अभियान:* मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग, गलत साइड और ट्रिपल राइडिंग के विरुद्ध सघन अभियान।
*10. डेटा आधारित जवाबदेही:* हर दुर्घटना का डिजिटल रिकॉर्ड और iRAD पोर्टल के माध्यम से विश्लेषण कर विभागों की जवाबदेही तय हो।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती अनिता डॉ अशोक सोडाणी ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में बड़ौदा चोखण्डी माहेश्वरी समाज के पूर्व अध्यक्ष श्री गणेश लढ़ा एवं पूर्व मंत्री श्री गोविन्द मून्दड़ा सहित सभी ने सड़क सुरक्षा को सामाजिक दायित्व बताते हुए आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया।
स्मरण हो कि अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब द्वारा अपने 133 जिला शाखाओं के माध्यम से वर्ष 2004 से ही नियमित रूप से प्रयास किये जा रहे हैं ! इस वर्ष 2026 को क्लब के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती डाॅ माया डॉ मधुसूदन राठी के सुपुत्र स्वर्गीय श्री मृणाल राठी की स्मृति में "सड़क सुरक्षा जागरूकता वर्ष" के रूप में मनाया जा रहा है !