काछोला सहकारी समिति के व्यवस्थापक शंकर लाल सुथार का ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
कंप्यूटरीकरण में प्रथम स्थान, 500 मीट्रिक टन गोदाम और कस्टम हायरिंग सेंटर से किसानों को मिला लाभ
असलम रंगरेज ( काछोला)
काछोला ग्राम सेवा सहकारी समिति ने सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए भीलवाड़ा जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। समिति के व्यवस्थापक शंकर लाल सुथार के प्रयासों से समिति ने कंप्यूटरीकरण, अन्न भंडारण, कृषि यंत्र सुविधा तथा नए किसानों को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
भारत सरकार की पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना के तहत काछोला ग्राम सेवा सहकारी समिति ने भीलवाड़ा जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए 500 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम तैयार करवाया गया। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण किराए पर उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर भी शुरू किया गया है।
व्यवस्थापक शंकर लाल सुथार के प्रयासों से 300 से अधिक नए काश्तकार समिति से जुड़े, जिससे सहकारिता का दायरा बढ़ा और किसानों को समिति की विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलने लगा।
ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत-सत्कार
समिति की उपलब्धियों और व्यवस्थापक शंकर लाल सुथार के प्रयासों को लेकर काछोला के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने माला पहनाकर और साफा बंधवाकर उनका स्वागत-सत्कार किया। इस दौरान उनके कार्यों की सराहना करते हुए किसान हित में निरंतर इसी तरह कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दी गईं।
स्वागत-सत्कार के दौरान मांडलगढ़ विधानसभा सहसंयोजक संदीप सोनी, गोपाल मंत्री, आसाराम सोनी, कृष्णा सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने समिति को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, किसानों तक सुविधाएं पहुंचाने और अधिक से अधिक काश्तकारों को सहकारिता से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।