ट्रेनिंग के दौरान 11 महिला प्रशिक्षु सिपाही बेहोश, 4 की हालत गंभीर
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास जिले के बीएसएपी-2 पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 11 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दौड़ के क्रम में एक-एक कर कई प्रशिक्षु ट्रैक पर गिरकर बेहोश हो गईं, जिससे प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। सभी को तत्काल इलाज के लिए डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार तेज गर्मी और हीट वेव के कारण प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ी। अधिकांश प्रशिक्षु सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी और पेट दर्द की शिकायत कर रही थीं। अनुमंडलीय अस्पताल में आईसीयू सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर स्थिति वाली चार महिला प्रशिक्षुओं को बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक को आगे इलाज के लिए जमुहार स्थित Narayan Medical College and Hospital भेजा गया। बीएसएपी-2 में इन दिनों नवचयनित महिला जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान कई पुरुष प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ी थी, जिसमें एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।