नशा तस्करों पर अब और कसेगा शिकंजा
कुल्लू पुलिस की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में एसपी अभिषेक एस. के सख्त निर्देश
लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे और रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर
साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की भी की गई गहन समीक्षा
पुलिस जवानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के आदेश
कुल्लू, 18 अगस्त। जिला कुल्लू में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन बाशिंग के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. की अध्यक्षता में हुई बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और राजीव मेहता सहित जिले के सभी थाना प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और रात्रिकालीन गश्त की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और तस्करों पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एसपी ने जवानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।