मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पिलखनी में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में किसानों की पांच समरसेबल मोटर चोरी कर सनसनी फैला दी। ग्रामीणों के मुताबिक घटना देर रात करीब 12 बजे की है। सुबह जब किसानों ने अपनी-अपनी ट्यूबवेल पर जाकर देखा तो मोटर, स्टार्टर और केबल गायब मिले।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी चोर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव टांडा के अंकित ने बताया कि उनकी मोटर तीसरी बार चोरी हुई है। वहीं पिलखनी निवासी अश्वनी कुमार ने बताया कि उनकी ट्यूबवेल से भी दो बार मोटर चोरी हो चुकी है। सुभाष भी तीन बार चोरी की घटना का शिकार होने की बात कह रहे हैं।
किसानों के अनुसार प्रत्येक मोटर की कीमत करीब 70 हजार रुपये है, जबकि नई मोटर लगाने में लगभग 80 हजार रुपये तक का खर्च आएगा। लगातार हो रही चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ चिंता भी बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दूधली पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले जाहरवीर गोगा माढ़ी में हुई कथित चोरी की घटना का भी जिक्र किया और पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की।
रिपोर्ट: अनिल पुंडीर, NHP भारत NEWS, चरथावल, मुजफ्फरनगर
.
.
.
.
#Muzaffarnagar #Charthawal #PilkhanI #TheftNews #MotorTheft