सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने घरेलू सामान की ढुलाई के नाम पर रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी की पहचान केशव पुत्र सुनील निवासी वार्ड नंबर-05, बवानी खेड़ा के रूप में हुई
भिवानी
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने घरेलू सामान की ढुलाई के नाम पर धोखाधड़ी करने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामले के संबंध में शिकायतकर्ता कुमार शुभम निवासी ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने घरेलू सामान को ग्रेटर नोएडा से गोपालगंज (बिहार) पहुंचाने के लिए डीलक्स कार्गो लॉजिस्टिक्स से ₹ 9,500 में परिवहन का अनुबंध किया था। कंपनी ने निर्धारित राशि प्राप्त करने के बाद उसका सामान अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन बाद में अवैध रूप से ₹ 24,538 की अतिरिक्त राशि की मांग की। अतिरिक्त राशि नहीं देने पर कंपनी ने सामान की डिलीवरी करने से इनकार कर दिया और सामान को अपने कब्जे में रखा, जिससे शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
शिकायत की जांच के उपरांत थाना बवानीखेड़ा में दिनांक 04 जुलाई 2026 को धारा 316(2) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के उप निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी केशव पुत्र सुनील निवासी वार्ड नंबर-5, बवानी खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
*पुलिस टीम के द्वारा आरोपी से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान व 9,500/- रुपए बरामद किए गए हैं।*
आरोपी को पेश माननीय न्यायालय में किया गया जहां माननीय न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता भिवानी।।