#शक्ति_सुरक्षा_अभियान..
भरतपुर। शहर में नवरात्र के पावन अवसर पर गरबा-डांडिया और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में 'शक्ति सुरक्षा अभियान' चलाया जा रहा है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहकर महिलाओं को जागरूक किया तथा उन्हें आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 और महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान पुलिस ने युवतियों को राजकॉप सिटीजन एप भी डाउनलोड कराया ताकि डिजिटल सेवाओं के जरिए तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके। पुलिस का यह विशेष अभियान महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने और आयोजनों में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है।