नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को लेकर युवाओं के बीच पहुंचा सेवा संकल्प अभियान
खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में यमुनानगर में नशा मुक्ति जन- जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
यमुनानगर, 15 अक्टूबर 2026- हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित इस अभियान को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व तथा हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में यमुनानगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य को भी प्रभावित करता है।
युवा शक्ति को नशे से बचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य
खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शिक्षा, खेल और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा आस-पास के लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
आईटीआई प्राचार्य ने की जन-जागरूकता अभियान की सराहना
कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, यमुनानगर के प्राचार्य भूपिंदर सिंह सांगवान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा प्रदान करने तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यमुनानगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच रहा नशामुक्ति का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यमुनानगर जिले के व्यासपुर, छछरौली, जगाधरी, खिजराबाद, रादौर, साढौरा (आंशिक) एवं सरस्वती नगर क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों और विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नशे के विरुद्ध एक व्यापक सामाजिक चेतना विकसित हो सके। कार्यक्रमों के आयोजन में टीएटीवी सत्या एलएलपी तथा सहयोगी संस्था संभार्य फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला स्तरीय आयोजन में पारस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नशे को कहें ना, स्वस्थ जीवन को चुनें — नशामुक्त युवा, सशक्त हरियाणा।