रायपुर कॉलोनी में 54.78 लाख से बनेगी सड़क, मेयर ने किया शिलान्यास
श्मशान घाट तक सड़क बनने से लोगों को मिलेगी राहत, निर्माण कार्य शुरू
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड नंबर 12 की रायपुर कॉलोनी में 54.78 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क का निर्माण इस्लाम की दुकान से लेकर श्मशान घाट तक किया जाएगा। वीरवार को मेयर सुमन बहमनी और भाजपा नेता नेपाल राणा ने इस विकास कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता भी बेहतर होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सड़कों और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक इनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में प्रत्येक वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखा जा रहा है। जहां भी सड़क, निकासी या अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं हैं, उन्हें दूर करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा नेता नेपाल राणा ने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण से स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरत पूरी होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद तिलक राज, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज धीमान, मंडल अध्यक्ष आदेश राणा, राशिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - रायपुर कॉलोनी में सड़क का शिलान्यास करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।