सुवासरा पुलिस ने पकड़ा डोडाचूरा तस्करी का मामला, 20 किलो मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार
सुवासरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 किलो डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन से डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तकतपुरा-अजयपुर के बीच आम रोड पर घेराबंदी कर बोलेरो क्रमांक एमपी14 जेडजे 2063 को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे ट्रॉली बैग से 20 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने शिवसिंह गुर्जर निवासी कान्हाहेड़ा तथा वैशाली उर्फ आरती चौहान निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने डोडाचूरा, बोलेरो वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल सहित कुल करीब 14.48 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में थाना सुवासरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।