हाईवे किनारे खड़ा था युवक, पुलिस को देखकर भागा; 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार
मंदसौर। दलौदा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को 1 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त अफीम की कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
19 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक शर्ट के अंदर प्लास्टिक की थैली में अफीम छिपाकर दलौदा रेल क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 1 किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान मोहित पिता जगदीश प्रजापत उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधीग्राम, थाना नाहरगढ़, हाल मुकाम पिपलियामंडी के रूप में हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत का आईफोन भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगा रही है।