कालका में गश्त के दौरान पंचकूला पुलिस को मिला लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग
पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर मालिक का पता लगाकर सुरक्षित लौटाया
कीमती आभूषणों के साथ जरूरी दस्तावेज भी थे बैग में मौजूद, सामान वापस मिलने पर व्यक्ति ने वीडियो जारी कर पंचकूला पुलिस का जताया आभार
पंचकूला 7 नवंबर :- आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी मदद और खोई हुई कीमती वस्तुओं को सुरक्षित वापस लौटाने के प्रति पंचकूला पुलिस की तत्परता एक बार फिर देखने को मिली है। कालका के मुख्य बाजार में रात के समय गश्त कर रही पुलिस टीम को लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों और जरूरी दस्तावेजों से भरा एक बैग मिला। पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया और समस्त सामान सुरक्षित उसके सुपुर्द कर दिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात करीब 11 बजे कालका के मुख्य बाजार में एक व्यक्ति सामान शिफ्ट कर रहा था। इसी दौरान उसका बैग अनजाने में सड़क पर गिर गया। उस समय क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही ईआरवी-521 की टीम को यह बैग मिला। पुलिस टीम ने बिना देरी किए बैग को अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद दस्तावेजों की जांच की, जिसके आधार पर बैग के वास्तविक मालिक की पहचान की गई और उससे संपर्क किया गया।
कालका थाना प्रभारी अजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए बैग में मौजूद लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य जरूरी दस्तावेजों सहित समस्त सामान को सुरक्षित उसके मालिक के हवाले कर दिया। इस पूरी कार्रवाई में एएसआई सुरेंद्र, एसपीओ रणजीत तथा ईआरवी चालक जगपाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर व्यक्ति ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए वीडियो भी जारी किया। उसने पुलिसकर्मियों की ईमानदारी, तत्परता और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने ईआरवी-521 की टीम और कालका थाना प्रभारी सहित पूरी टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करती है। पंचकूला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ हर परिस्थिति में उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia