खुशियों के त्योहार पर पंचकूला पुलिस की दोहरी पहल
जरूरतमंदों के साथ बांटी मिठास तो जिलावासियों की सुरक्षा के लिए संभाला मोर्चा
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने जिलावासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, बोले- आप बेफिक्र होकर मनाएं त्योहार, आपकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पंचकूला पुलिस
पंचकूला 7 नवंबर :- दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूसरों के जीवन में खुशियों की रोशनी बिखेरने, आपसी सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का भी अवसर है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए पंचकूला पुलिस ने दीपावली के पावन अवसर पर समाज सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। पंचकूला पुलिस की टीमों ने डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह और डीसीपी एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें मिठाइयां वितरित कीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और पटाखों का त्योहार नहीं, बल्कि अपनापन, सहयोग और खुशियां बांटने का पर्व है। त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें शामिल हो और कोई भी खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। पंचकूला पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा, विश्वास और अपनत्व का भाव पहुंचाना भी है। पुलिस और आमजन के बीच मजबूत विश्वास एवं बेहतर तालमेल ही सुरक्षित और खुशहाल समाज की नींव है।
पुलिस कमिश्नर ने जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार आपका, सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी। उन्होंने कहा कि नागरिक बेफिक्र होकर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाएं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ मैदान में मौजूद है। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि हर नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सके।
साथ ही आमजन से अपील की कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। लोग नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और घर से बाहर जाते समय दरवाजों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
पंचकूला पुलिस परिवार की ओर से समस्त जिलावासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की गई कि वे इस पर्व को प्रेम, सौहार्द, आपसी भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा अपने आसपास जरूरतमंद लोगों की खुशियों में भी सहभागी बनें। पंचकूला पुलिस सुरक्षित दीपावली, खुशहाल पंचकूला और जनसेवा के संकल्प के साथ सदैव आमजन के साथ खड़ी है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia