गंजबासौदा में 70 से अधिक शिक्षकों को दिया गया कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रशिक्षण
..
एआई एंबेसडर ने शिक्षकों को कराई माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट 365 की प्रैक्टिस, विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बनाए गए अकाउंट
..
विकासखंड गंजबासौदा में शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से आयोजित एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड के 70 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न पहलुओं और शैक्षणिक उपयोग की जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्री एनके अहिरवार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री परत अहिरवार के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण के लिए शासकीय संदीपनी विद्यालय गंजबासौदा एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गंजबासौदा में आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। दोनों विद्यालयों के प्राचार्य श्री महेश सिंह रघुवंशी एवं श्री प्रदीप चौरसिया ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन की ओर से प्रोग्राम लीडर श्री आदित्य जैन के निर्देशन में एआई एंबेसडर श्री सोमनाथ विश्वकर्मा द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को एआई के व्यावहारिक उपयोग, डिजिटल टूल्स तथा शिक्षा के क्षेत्र में इनके उपयोग की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों को माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट 365 की प्रैक्टिस भी कराई गई। प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाकर उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वे इन तकनीकी संसाधनों का उपयोग अपने शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सरल बनाने में कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों की जिज्ञासाओं और अनुभवों को भी महत्व दिया गया। शिक्षकों द्वारा एआई के उपयोग को लेकर दिए गए सकारात्मक सुझावों एवं विचारों को सुना गया तथा प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक चर्चा की गई। इससे शिक्षकों में नई तकनीक को सीखने और उसे शिक्षण प्रक्रिया में अपनाने के प्रति उत्साह दिखाई दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्री नीलेश अहिरवार, श्री आकाश सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बदलते डिजिटल परिवेश के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। अधिकारियों एवं प्रशिक्षण दल ने उम्मीद जताई कि शिक्षक प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग विद्यार्थियों के शिक्षण-अधिगम को अधिक रोचक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने में करेंगे। #Vidisha
8 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026