विमुक्त जाति दिवस पर शमशाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
..
विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने कहा—विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय के उत्थान के लिए पीएम जनमन की तर्ज पर कार्यक्रम संचालित कराने का करूंगा प्रयास
..
विमुक्त जाति दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शमशाबाद स्थित विमुक्त जाति प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में शमशाबाद विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय के उत्थान तथा उनके लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्रावास की बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। नट समुदाय के कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ गायन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। वहीं बंजारा समाज की बालिकाओं ने लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। समूह द्वारा बंजारा जाति का पारंपरिक लहंगी नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय के उत्थान पर जोर -
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शमशाबाद विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पीएम जनमन अभियान की तर्ज पर विशेष कार्यक्रम संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समुदायों की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराएं हैं। इनके संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक इनकी पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।
विमुक्त जाति दिवस के महत्व की दी जानकारी -
कार्यक्रम की भूमिका एवं विमुक्त जाति दिवस के महत्व पर सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्रीमती जैनब हमीद ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विमुक्त जातियों के ऐतिहासिक संदर्भ, उनके सामाजिक योगदान तथा वर्तमान समय में उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी उपस्थितजनों को दी। विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदायों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी निरीक्षक श्रीमती नेहा आर्य द्वारा प्रदान की गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा विभागीय स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विमुक्त एवं घुमंतू समुदायों की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इन समुदायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक विकास के प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। विधायक श्री सूर्य प्रकाश जी मीणा के साथ एसडीएम श्री अजय पाठक, श्री प्रहलाद धाकड़, श्री मनोज साहू, श्री राजेंद्र जैन, जिला मंत्री श्री दुष्यंत धाकड़, श्री प्रदीप महेश्वरी, श्री चैनसिंह मीणा, सरपंच श्री भूरा धाकड़, सरपंच श्री मनमोहन यादव, महामंत्री श्री हरिसिंह अहिरवार एवं श्री दिनेश चौरसिया, बंजारा समाज जिला उपाध्यक्ष श्री जसवंत बंजारा, जिला अध्यक्ष श्री निहाल बंजारा, सरपंच श्री घनश्याम बंजारा, सरपंच श्री धर्मेंद्र यादव, सरपंच श्री संतोष किरार, सरपंच श्री वीरेंद्र रघुवंशी, सरपंच श्री महेश यादव, श्री लालाराम प्रजापति आदि उपस्थित रहे। #Vidisha
12 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026