सड़क दुर्घटना में घायल महिला के लिए जिला परिवहन अधिकारी बने मददगार, समय पर अस्पताल पहुंचाकर कराया उपचार
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशों के पालन में जिले में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कुरवाई विकासखंड की ग्राम पंचायत तमोइया में निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली।
ग्राम पंचायत तमोइया के एक ग्राम से दूसरे ग्राम की ओर जाते समय जिला परिवहन अधिकारी विदिशा श्री गिरिजेश वर्मा को सड़क किनारे एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दी। महिला सड़क दुर्घटना में घायल हुई थी और तत्काल उपचार की आवश्यकता थी। घायल की पैर (पिडली) की हड्डी टूट गई थी एव॔ सिर में चोट के कारण काफी खून निकल रहा था।
मौके पर एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला परिवहन अधिकारी ने बिना विलंब किए मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
उन्होंने अपने शासकीय अनुबंधित वाहन से घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल कुरवाई पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर महिला को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सका। जिला परिवहन अधिकारी की इस तत्परता से घायल महिला को दुर्घटना के बाद उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ा और उसे समय रहते चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी। प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ जरूरतमंद व्यक्ति की तत्काल सहायता करने की यह पहल मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रशासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाना है। दुर्घटना में घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की यह कार्रवाई इसी भावना को प्रतिबिंबित करती है। #vidisha #JansamparkMP
Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026