काराकाट के स्कूल में प्रार्थना के दौरान छह छात्राएं बेहोश, चार घर लौटीं, एक हायर सेंटर रेफर
काराकाट प्रखंड के कुशी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार की सुबह करीब 9: 30 बजे प्रार्थना सभा के दौरान छह छात्राएं एक-एक कर बेहोश हो गईं। घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों, ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, काराकाट (गोडारी) पहुंचाया गया। अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सातवीं और आठवीं कक्षा की छात्राएं खुशी कुमारी, पूनम कुमारी, पायल कुमारी और अंशिका कुमारी की जांच में सभी स्वास्थ्य मानक सामान्य पाए गए। प्राथमिक उपचार और ओआरएस देने के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं, आठवीं की छात्रा प्रिया कुमारी की तबीयत अपेक्षाकृत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
डॉ. कुमार के अनुसार, खाली पेट रहना, अत्यधिक गर्मी और एक-दूसरे को बेहोश देखकर घबराहट के कारण ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने इसे फंक्शनल न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर (एफएनडी) जैसी स्थिति से भी जोड़ा। सूचना पर बीडीओ राहुल कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Kargahar, Rohtas | Jul 11, 2026