अमरपुर प्रखंड की निवासी श्रीमती विभा कुमारी लंबे समय से बिजली बिल की गंभीर समस्या से परेशान थीं। विद्युत कनेक्शन लंबे समय से बंद रहने के बावजूद उनके नाम पर लगभग ₹1 लाख 92 हजार का बिजली बिल बकाया दिखाया जा रहा था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहाँ आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाता है। इसके बाद उनकी पुत्री ने जनता दरबार में आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्या से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।
जनता दरबार में मामले की सुनवाई के उपरांत जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर विद्युत विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में बिजली बिल में त्रुटि पाई गई, जिसके बाद आवश्यक संशोधन करते हुए लगभग ₹1.92 लाख का बिजली बिल घटाकर मात्र ₹520 कर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया कि इस प्रकार के मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समस्या के त्वरित समाधान से विभा कुमारी एवं उनके परिवार ने राहत की सांस ली तथा जिला पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
43 views | Banka, Bihar | Jul 31, 2026