श्रावण माह की प्रथम सोमवारी पर कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने रविवार देर रात्रि कांवरिया पथ एवं विभिन्न मेला स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी ने जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीपल काउंटिंग मशीन की कार्यशीलता की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि मशीन सुचारू रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, उपस्थिति पंजी एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों-कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए सभी को पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने जीविका दीदी की रसोई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं एक कप चाय पीकर उसकी गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने वहां उपस्थित कांवरिया श्रद्धालुओं से भोजन एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया, जिस पर श्रद्धालुओं ने संतुष्टि व्यक्त की। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जीविका दीदी की रसोई को अधिक दृश्य एवं सुगम स्थान पर स्थापित किया जाए तथा श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी देने के लिए उचित साइनेज लगाया जाए। निरीक्षण के दौरान शौचालय में साफ-सफाई की कुछ कमी पाई गई, जिस पर तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने अबरखा धर्मशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
तत्पश्चात उन्होंने अबरखा टेंट सिटी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी बेड श्रद्धालुओं से भरे हुए पाए गए तथा कुछ श्रद्धालु जमीन पर विश्राम करते मिले। इस पर जिला पदाधिकारी ने अतिरिक्त गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी श्रद्धालु को जमीन पर नहीं सोना पड़े। उन्होंने टेंट सिटी में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में श्रद्धालुओं से फीडबैक भी प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने टेंट सिटी स्थित जीविका दीदी की रसोई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, भोजन की मांग के अनुसार योजना बनाकर खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकने के उपायों तथा निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराए जाने की जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने पीएचईडी द्वारा संचालित अबरखा टेंट सिटी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को पेयजल की किसी प्रकार की समस्या न हो तथा पर्याप्त मात्रा में अतिरिक्त गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने भैरोपुर टेंट सिटी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टेंट सिटी के शेष कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीविका दीदी की रसोई शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
श्रावण माह की प्रथम सोमवारी पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने दर्दमारा बॉर्डर पार्किंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की आवाजाही एवं पार्किंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को देवघर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि यातायात सुचारू एवं निर्बाध बना रहे।
अंत में जिला पदाधिकारी ने दुम्मा बॉर्डर का निरीक्षण कर कांवरिया श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
2 views | Banka, Bihar | Aug 3, 2026