विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुल्तानगंज से देवघर की ओर प्रस्थान करने वाले कांवरिया श्रद्धालु धौरी से आगे बढ़ते हुए बांका जिला के लगभग 54 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ से होकर गुजरते हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
कांवरिया पथ पर स्थित सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही दुकानों के पीछे उचित जल निकासी (सोखता) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि गंदा एवं बहता हुआ पानी कांवरिया पथ पर न आए तथा मार्ग स्वच्छ एवं सुरक्षित बना रहे। इन निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही है। यदि किसी दुकानदार द्वारा स्वच्छता संबंधी निर्देशों की अवहेलना की जाती है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कांवरिया पथ पर उत्पन्न होने वाले कचरे के नियमित संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्वच्छ रथ की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से पूरे मार्ग की लगातार सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कांवरिया पथ पर कुल 647 चापाकलों की व्यवस्था की गई है। वहीं स्वच्छता एवं सुविधाजनक ठहराव के लिए कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा 350 शौचालय, 294 स्नानागार तथा झरनों की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वच्छता कर्मियों की 24×7 शिफ्टवार प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पूरे कांवरिया पथ पर लगातार सफाई कार्य में संलग्न हैं।
जिला प्रशासन ने सभी कांवरिया श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की सहायता अथवा आपात स्थिति में निकटतम सहायता केंद्र, सूचना केंद्र अथवा प्रतिनियुक्त प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मियों से संपर्क करें। स्वच्छ एवं स्वस्थ श्रावणी मेला के उद्देश्य से कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, शौचालय एवं स्नानागार जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा कांवरिया पथ एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
1 views | Banka, Bihar | Aug 3, 2026