पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का दर्शन समाज के सर्वांगीण विकास की प्रेरणा देता है: शाम लाल बंसल
समर्पण न्यास द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के सपनों का भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा रहे मुख्य अतिथि
पंचकूला। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 111वीं जयंती के अवसर पर समर्पण न्यास द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के सपनों का भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचकूला के मेयर श्री शाम लाल बंसल ने की।
इस अवसर पर मेयर शाम लाल बंसल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद के दर्शन पर विचार साझा करते हुए कहा कि उनके विचार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्श आज भी सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
विचार गोष्ठी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, समर्पण न्यास के पदाधिकारी श्री अजय बंसल (रोहतक) और श्री रमेश गोयल (रोहतक) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
#panchkula #panchkulasocialmedia #panchkulanews #shamlalbansal
Panchkula, Panchkula | Oct 12, 2026