बिजली बिल बकायेदार समय पर करें भुगतान, कुर्की जैसी कार्रवाई से बचें: मुख्य अभियंता येमड़े
--
जिले में विद्युत बिलों की बकाया राशि की वसूली के लिए विद्युत विभाग द्वारा अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्य अभियंता श्री येमड़े के निर्देशन में अधीक्षण अभियंता श्री अजमेर सिंह एवं कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. सोनी के नेतृत्व में बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत टीकमगढ़ वृत्त के आरईएस विद्युत विभाग क्षेत्र में अब तक 10 बकायेदार उपभोक्ताओं की मोटरसाइकिलें जब्त की जा चुकी हैं।
मुख्य अभियंता श्री येमड़े ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में विद्युत बिलों की लगभग 15 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूल की जाना है। बकाया राशि की वसूली के लिए अब तक 1200 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुर्की की कार्रवाई से पूर्व नियमानुसार बकायेदार उपभोक्ताओं को फॉर्म-वी एवं फॉर्म-सी के माध्यम से नोटिस जारी किए गए थे, ताकि उपभोक्ता समय रहते अपने बकाया विद्युत बिल का भुगतान कर सकें। नोटिस के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के संबंध में संबंधित थाने को भी सूचना दी जा रही है।
गांव-गांव पहुंचकर उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक
बकाया वसूली अभियान के अंतर्गत सहायक अभियंता श्री शुभम त्यागी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय लाइनमैन टीम गठित की गई है। टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर बकायेदार उपभोक्ताओं को विद्युत बिल समय पर जमा करने के लिए समझाइश दी जा रही है तथा बकाया राशि एवं विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है।
बकाया राशि नहीं चुकाने पर मोटरसाइकिलें जब्त
अभियान के दौरान अब तक की गई कार्रवाई में ग्राम अनंतपुरा निवासी हरपा पुत्र परम गड़रिया के विरुद्ध 17,716 रुपये की बकाया राशि होने पर मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसी प्रकार ग्राम नयाखेरा निवासी नारायण पिता छट्टू अहिरवार की 28,111 रुपये तथा ग्राम मौघाट निवासी नंदलाल पिता गोविंद दास राय की 25,149 रुपये की बकाया राशि के चलते मोटरसाइकिल जब्त की गई है। संबंधित उपभोक्ताओं के सर्विस नंबर क्रमशः 1188005186, 1188019393 एवं 1188007421 हैं।
मुख्य अभियंता श्री येमड़े ने जिले के सभी बकायेदार विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिल का समय पर भुगतान करें और कुर्की जैसी कार्रवाई से बचें। उन्होंने कहा कि बकाया राशि की वसूली का अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध कुर्की सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#JansamparkMP
#jansampartikatikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026