भागलपुर दिनांक: 27 जुलाई, 2026, श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज नगर परिषद सभागार, सुल्तानगंज में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव श्री प्रदीप सिंह सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त महोदय, अपर समाहर्तागण, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी तथा मेला आयोजन से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष तथा सूचना एवं सहायता केंद्रों के प्रभावी संचालन पर विशेष बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
पर्यटन विभाग के सचिव श्री प्रदीप सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने हेतु सभी विभागों को संवेदनशीलता एवं समन्वित दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी अधिकारियों को मेला अवधि के दौरान नियमित क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रावणी मेला-2026 का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनाया जाएगा।
JEEVIKA Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Bhagalpur District Administration
5 views | Bhagalpur, Bihar | Jul 27, 2026