भागलपुर, 27 जुलाई, 2026, विश्वविख्यात श्रावणी मेला-2026 के शुभारंभ का ऐतिहासिक क्षण अब निकट है। दिनांक 28 जुलाई, 2026 को अपराह्न 03:00 बजे सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा श्रावणी मेला-2026 का भव्य उद्घाटन किया जाएगा।
इस गरिमामय अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संभावित है जबकि समारोह की अध्यक्षता माननीय मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल करेंगे।
समारोह में माननीय प्रभारी मंत्री, भागलपुर सह सूचना एवं प्रौद्योगिकी तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नितीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, ऊर्जा मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री श्री संजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इसके अतिरिक्त माननीय सांसद, विधायकगण, विधान परिषद सदस्यगण, जिला परिषद अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होंगे।
श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएँ, विद्युत आपूर्ति, नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन, सूचना एवं सहायता केंद्र, पार्किंग तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रत्येक व्यवस्था का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं लोक परंपरा का जीवंत उत्सव है। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं यादगार श्रावणी मेला सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन, भागलपुर सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, आमंत्रित अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध करता है कि वे इस ऐतिहासिक एवं भव्य उद्घाटन समारोह में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाएँ।
JEEVIKA Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Bhagalpur District Administration
11 views | Bhagalpur, Bihar | Jul 27, 2026