चौथ का बरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी का मास्टरमाइंड और दो अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना चौथ का बरवाड़ा ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल एक आरोपी तथा अवैध हथकढ़ शराब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोबाइल, दो सिम कार्ड और करीब 4 लीटर अवैध हथकढ़ शराब बरामद की है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने धारा सिंह गुर्जर को एक मोबाइल व दो सिम कार्ड सहित गिरफ्तार किया। आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सट्टे में मुनाफे का लालच देकर ठगी करता था। उसके खिलाफ साइबर अपराध की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ओमप्रकाश महावर के कब्जे से करीब 2 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त कर गिरफ्तार किया। वहीं तीसरी कार्रवाई में राजेश माली को भी करीब 2 लीटर अवैध हथकढ़ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।