#भरतपुर। रूपवास क्षेत्र की ग्राम पंचायत चैंकोरा के ग्राम भिडयानी में काला पट्टा स्थित गैर मुमकिन खान की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। सरपंच प्रेमचंद और ग्रामीणों ने तहसीलदार से खसरा नंबर 51 और 49 दोनों की पैमाइश कराने की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि तहसीलदार ने सिर्फ खसरा नंबर 51 की ही नाप-जोख करवाई। इस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों और सरपंच के पिता ने प्रशासन पर भू-माफियाओं से कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि निष्पक्ष स्थिति तभी साफ होगी जब खसरा नंबर 49 और 51 दोनों का संयुक्त सीमांकन किया जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों खसरों की पैमाइश करवाकर सरकारी भूमि से तुरंत अवैध कब्जा हटाया जाए, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए और वहां 'सरकारी भूमि' का सूचना बोर्ड लगाया जाए।