जमुई: छठ का प्रसाद बहन के यहां पहुंचाकर घर लौट रहे युवक की दुर्घटना में गई जा^न
जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलुआ केवाल गांव के पास शुक्रवार की रात 9 बजे तेज रफ्तार बाइक सड़क पर बने ब्रेकर से अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की पुलिस टीम ने फौरन सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच के बाद डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान मलयपुर थाना क्षेत्र के देवाचक गांव निवासी सरजुग यादव के पुत्र सनोज यादव के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी के बाद देर रात मलयपुर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की गई, लेकिन रात ज्यादा होने और डीएम का आदेश नहीं मिलने की वजह से शनिवार की सुबह डाक्टर द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया जाता है कि युवक छठ पूजा का प्रसाद पहुंचाने के लिए अपनी बहन के घर बखारी गांव गया था और प्लास्टिक के बोरा में कुछ सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही बाइक ब्रेकर से गुजरने लगी, इसी दौरान असंतुलित होकर ई-रिक्शा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे युवक की मौत हो गई।
मृतक युवक बाहर में रहकर मजदूरी करता था। पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। मृतक को तीन पुत्री हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन के सदर अस्पताल पहुंचते ही चारों ओर चीख-पुकार मच गई। पूरे परिवार के साथ-साथ गांव में भी मातम छा गया। मृतक दो भाइयों में छोटा भाई था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है। ग्रामीणों ने ब्रेकर पर संकेतक नहीं होने और तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया है। #jamui #jamuiPolice #CrimeNews #crimealert
Jamui, Jamui | Nov 21, 2026