दीपावली से पहले जगमगाएगा करनाल, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने में जुटा नगर निगम-सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।
निगमायुक्त के निर्देश पर विद्युत शाखा की टीमें युद्ध स्तर पर कर रही हैं कार्य, 9 से 10 वार्डों में स्ट्रीट लाइटें करवाई जा चुकी ठीक।
शेष वार्डों में भी दीपावली से पहले खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का लक्ष्य।
करनाल 2 नवंबर, दीपावली के त्यौहार पर शहर की हर गली, चौराहें और सडक़ें रोशनी से जगमगाएं तथा नागरिकों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम करनाल ने विशेष अभियान चलाया हुआ है। निगमायुक्त सलोनी शर्मा के निर्देश पर विद्युत शाखा के अधिकारी एवं इंजीनियरिंग टीमें युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए शहर की स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइटों को दुरुस्त करवाने में जुटी हैं। निगम का लक्ष्य है कि दीपावली से पहले शहर के सभी वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाकर प्रकाश व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए।
वार्डों में नियमित निरीक्षण, खराब लाइटों को तुरंत ठीक करवाने के निर्देश।
नगर निगम की विद्युत शाखा की टीमें प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों का दौरा कर स्ट्रीट लाइटों एवं हाई मास्ट लाइटों की स्थिति का जायजा ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी लाइट खराब मिलती है, उसे प्राथमिकता के आधार पर संबंधित एजेंसी के माध्यम से ठीक करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पार्षदों, वार्ड समिति सदस्यों तथा नागरिकों की ओर से मिलने वाली शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
निगम के टोल फ्री नंबर 1800 180 2700 और स्ट्रीट लाइट शिकायत नंबर 0184-2200600 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को संबंधित एजेंसी तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाया जा रहा है, ताकि किसी भी क्षेत्र में लंबे समय तक अंधेरे की स्थिति न बनी रहे।
9 से 10 वार्डों में लाइटें दुरुस्त, शेष वार्डों में भी जारी है अभियान।
उन्होंने बताया कि विद्युत शाखा की ओर से अब तक करीब 9 से 10 वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाया जा चुका है। शेष वार्डों में भी नियमित रूप से निरीक्षण और मरम्मत का कार्य जारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और दीपावली पर्व से पहले सभी वार्डों की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहार के मद्देनजर शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्युत शाखा के अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिक खराब स्ट्रीट लाइटों की सूचना निगम को दें- निगमायुक्त।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र, गली, सडक़ अथवा चौराहे पर कोई स्ट्रीट लाइट या हाई मास्ट लाइट खराब दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें। निगम द्वारा प्राप्त शिकायत पर निर्धारित समयावधि में कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से परिपूर्ण बनाने में नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली का पर्व सभी शहरवासी बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मना सकें।
#HVN24