जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
सेवा से संकल्प अभियान अंतर्गत ग्राम भगुवापुरा में सक्षम एवं आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 पर कार्यक्रम संपन्न
दतिया 30 सितम्बर 2026 / शासन के निर्देशानुसार 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आंगन मिलन सेवा एवं सेवा से संकल्प अभियान के तहत सेवढ़ा के सक्षम एवं आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 2, भगुवापुरा पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री अग्रवाल ने शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित जन को देते हुए योजनाओं का लाभ लेने के बात कही। कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मियों, लाड़ली बहनों एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा सेवानिवृत्त कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान विधायक श्री अग्रवाल द्वारा पोषण आहार प्रदर्शनी का निरीक्षण एवं अवलोकन कर पोषण के महत्व पर जानकारी दी गई।
इस दौरान श्रीमती अवधेश सिंह गुर्जर, परियोजना अधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी भगुवापुरा सुश्री सुरभि खेमरिया, पर्यवेक्षक श्रीमती रमा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सरपंच रामपुरा श्री उत्तम सिंह राजपूत द्वारा किया गया।
क्रमांक 103/2026
--------0000-------
29वीं बटालियन दतिया में विदाई समारोह संपन्न
दतिया 30 सितम्बर 2026 / 29वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल, दतिया के ऑडिटोरियम हॉल में बुधवार को सेवानिवृत्ति विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक एवं सेनानी श्री मयूर खण्डेलवाल तथा विशिष्ट अतिथि उप सेनानी श्री राकेश खाखा और सहायक सेनानी श्री जीतेन्द्र नगाइच उपस्थित रहे।
समारोह में 62 वर्ष की अर्द्धवार्षिकीय आयु सीमा पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए सहायक उप निरीक्षक श्री कोमल सिंह यादव एवं सहायक उप निरीक्षक श्री मुमताज खान को अधिकारियों द्वारा साल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, सेनानी श्री मयूर खण्डेलवाल ने कहा कि कर्मचारी अपना जीवन का महत्वपूर्ण समय शासकीय सेवा को समर्पित करता है। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन की दूसरी पारी शुरू होती है, जिसमें व्यक्ति परिवार और समाज को अधिक समय दे सकता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वयं को व्यस्त रखने, सामाजिक एवं पारिवारिक गतिविधियों से जुड़े रहने तथा अपनी पसंद के कार्य करने की सलाह दी।
उन्होंने परिवारजनों से भी आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय परिवार के लिए समर्पित किया है, अब परिवार की जिम्मेदारी है कि उन्हें खुश और सम्मानित महसूस कराए। सेनानी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वाहिनी आगे भी उनके परिवार की तरह उनके साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षकों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने साथी कर्मचारियों को अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ शासकीय सेवा करने की सीख दी।
कार्यक्रम के दौरान 29वीं वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।
क्रमांक 104/2026
--------0000-------
स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न
दतिया 30 सितम्बर 2026 / प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र ग्राम पंचायत सालोंन-बी जनपद पंचायत भाण्डेर में आज बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत सफाई कर्मी एवं स्वच्छाग्राहियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए हुए स्वच्छता साथियों का स्वास्थ्य परीक्षण चिकित्सकों द्वारा किया गया एवं उनकी आवश्यक जांच कर दवाइयां वितरित की गई।
इस दौरान स्वच्छता साथियों को पीपीई किट का वितरण कर सम्मानित किया गया। शिविर में डॉक्टर सुश्री सिमरन अग्रवाल, नर्सिंग ऑफिसर संजू कुमार, सरपंच प्रतिनिधि श्री के.पी.राजपूत, उपसरपंच श्री अंकित मिश्रा सफाई कर्मी एवं स्वच्छाग्रही उपस्थित रहे।
क्रमांक 105/2026
--------0000-------
सेवा संकल्प अभियान के तहत इंदरगढ़ में हुआ नुक्कड़ नाटक, ‘नमो गाथा-अनकही कहानी’ का दिया संदेश
दतिया 30 सितम्बर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “नमो गाथा-अनकही कहानी” विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन आज बुधवार को इंदरगढ़ में किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक के दौरान कलाकारों ने संवाद, अभिनय एवं विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा और कार्यक्रम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक सहभागिता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
क्रमांक 106/2026
--------0000-------
शांति समिति की बैठक आज
दतिया 30 सितम्बर 2026 / 11 अक्टूबर 2026 से शारदीय नवरात्रि त्यौहार पर माता की प्रतिमा की स्थापना, 19 अक्टूबर 2026 को माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा। 20 अक्टूबर को विजयदशमी पर चल समारोह निकालते हुए रावण दहन किया जायेगा। उक्त आयोजित पर्व, त्यौहार को शाति एवं सद्भावना से मनाये जाने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजन आज 1 अक्टूबर 2026 को सायं 4 बजे से कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया है।
क्रमांक 107/2026
--------0000-------
सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
दतिया 30 सितम्बर 2026 / सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशानुसार आज बुधवार को झांसी हाईवे स्थित मूक-बधिर विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के चिकित्सक दल एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. के.सी. राठौर एवं अन्य चिक्त्सिकों द्वारा बच्चों का नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी ली गई तथा जांच के आधार पर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
सेवा से संकल्प अभियान के तहत समाज के जरूरतमंद एवं विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़े कार्यों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।
क्रमांक 108/2026
--------0000-------
// सफलता की कहानी //
कस्टम हायरिंग सेंटर से किसानों को कृषि यंत्रों की सुविधा
दतिया 30 सितम्बर 2026 / जिले के दतिया विकासखंड़ के ग्राम आसेर में स्थापित अमन कस्टम हायरिंग सेंटर क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। केंद्र के संचालक विक्रम दांगी द्वारा वर्ष 2025 में स्थापित इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य किसानों को रियायती दर पर आधुनिक कृषि यंत्र किराए पर उपलब्ध कराना है, जिससे किसानों को महंगे कृषि उपकरण खरीदने की बाध्यता न रहे और कम लागत में कृषि कार्य समय पर संपन्न हो सके।
वर्तमान में केंद्र के पास कुल 10 प्रमुख कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनमें सुपर सीडर, ट्रैक्टर तथा सीड ड्रिल मुख्य रूप से शामिल हैं। इन आधुनिक यंत्रों के उपयोग से किसान खेत की तैयारी, बुवाई, फसल प्रबंधन एवं कटाई के कार्य सरलतापूर्वक कर रहे हैं। अब तक इस केंद्र के माध्यम से लगभग 120 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है और कुल 2000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में किराए पर कृषि यंत्रों की सेवाएं प्रदान की गई हैं। इससे किसानों के समय, श्रम और लागत में उल्लेखनीय बचत हुई है।
संचालक विक्रम दांगी बताते हैं कि छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए यह व्यवस्था अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है, क्योंकि वे आवश्यकतानुसार उपकरण किराए पर लेकर समय से अपनी खेती पूरी कर पा रहे हैं और आधुनिक तकनीक का सीधा लाभ उठा रहे हैं।
सुश्री निहारिका मीना
सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया
--------0000-------
// सफलता की कहानी //
साइकिल मिली तो आसान हुआ स्कूल का सफर, पढ़ाई के सपनों को मिली नई रफ्तार
दतिया 30 सितम्बर 2026 / शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का काम कर रही हैं। साइकिल वितरण योजना का लाभ मिलने से आनंदपुर गांव के रहने वाले कक्षा 9वीं के विद्यार्थी बादल अहिरवार के लिए स्कूल तक आने-जाने का सफर अब पहले से अधिक आसान हो गया है।
बादल तीन भाई-बहनों में से एक है। उसके पिता कारीगरी का कार्य करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल मिलना बादल के लिए बड़ी सुविधा साबित हुआ है। अब वह आसानी से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे पा रहा है।
बादल ने बताया कि साइकिल मिलने से उसके स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा हुई है। इस योजना का लाभ मिलने पर उसने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
बादल का सपना है कि वह मन लगाकर पढ़ाई करे और भविष्य में अपने परिवार का नाम रोशन करे। उसके लिए मिली यह साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ते कदमों की साथी बन गई है।
सुश्री निहारिका मीना
सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया
--------0000-------