चलती ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी, RPF जवान ने जान पर खेलकर महिला यात्री को बचाया
गया स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, ऑपरेशन ‘जीवन रक्षा’ के तहत प्र.आ. सुजित कुमार सिंह की तत्परता से बची महिला की जान
गया, 31 अक्टूबर। गया रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक महिला यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसने की स्थिति में पहुंच गई। ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में जवान की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 13553 आसनसोल–वाराणसी फास्ट पैसेंजर शनिवार को करीब 14:22 बजे गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी में तैनात प्र.आ. सुजित कुमार सिंह ट्रेन को पास कराते हुए यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने से लगातार मना कर रहे थे।
इसी बीच पार्सल कार्यालय के सामने तीन महिला यात्रियों ने चेतावनी के बावजूद चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान एक महिला यात्री का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिरते हुए ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच के खतरनाक गैप की ओर जाने लगी। स्थिति बेहद गंभीर थी और कुछ ही क्षणों में महिला ट्रेन की चपेट में आ सकती थी।
खतरे को भांपते ही प्र.आ. सुजित कुमार सिंह ने बिना समय गंवाए महिला को पकड़कर पूरी ताकत से पीछे खींच लिया और उसे चलती ट्रेन से सुरक्षित दूरी पर कर दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से संभावित जानलेवा हादसा टल गया।
बचाई गई महिला ने अपना नाम वहिदा, निवासी रफीगंज, जिला औरंगाबाद बताया। उसने बताया कि वह मिर्जा गालिब कॉलेज से क्लास कर अपने घर जा रही थी।
पूरी घटना प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली इंड की ओर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद RPF की ओर से यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के खतरों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
ऑपरेशन ‘जीवन रक्षा’ के तहत प्र.आ. सुजित कुमार सिंह की यह कार्रवाई यात्री सुरक्षा के प्रति RPF की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उल्लेखनीय उदाहरण बनी।
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#गयापुलिस
Gaya Town CD Block, Gaya | Oct 31, 2026