खोया बैग सुरक्षित बरामद कर यात्री को लौटाया!! भीमबली पुलिस की तत्परता से यात्री को नकदी समेत मिला सामान, यात्री ने जताया आभार!!
रुद्रप्रयाग। चौकी भीमबली पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते केदारनाथ धाम यात्रा पर आए एक यात्री का खोया बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सकुशल वापस लौटा दिया। बैग में करीब छह हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर को चौकी भीमबली क्षेत्र में पुलिस को एक लावारिस बैग मिला था। पुलिस ने बैग की जांच की तो उसमें आधार कार्ड, नकदी और अन्य सामान मिला। आधार कार्ड में दर्ज विवरण के आधार पर बैग के स्वामी की पहचान किरणमय हाजरा, निवासी बोलपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।
पुलिस ने आधार कार्ड में उपलब्ध संपर्क विवरण के माध्यम से यात्री से संपर्क कर बैग बरामद होने की सूचना दी। यात्री ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में लिनचोली के आसपास हैं और केदारनाथ धाम के दर्शन करने के बाद वापस लौटकर अपना बैग प्राप्त करेंगे।
गुरुवार को यात्री किरणमय हाजरा चौकी भीमबली पहुंचे।
पुलिस ने उनके खोए बैग को करीब छह हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान सहित सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया। अपना सामान सकुशल वापस पाकर यात्री ने भीमबली पुलिस का तहेदिल से आभार जताया। पुलिस की इस तत्परता और ईमानदार प्रयास की यात्री ने सराहना की।