पाई-पाई जोड़कर पत्नी को पढ़ाया, शिक्षिका बनते ही पति को छोड़ा; जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के बीच विवाद का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है।पंजाब नेशनल बैंक के पास किराए से रहने वाले 32 वर्षीय पंकज अहिरवार ने अपनी पत्नी पर नौकरी लगने के बाद साथ रहने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़ित पंकज के अनुसार, उनकी शादी 2018 में हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। वे महोबा में कपड़ों का शोरूम चलाते थे। उन्होंने अपनी कमाई की पाई-पाई जोड़कर पत्नी को पढ़ाया, जिससे लगभग दो साल पहले पत्नी की वर्ग-1 शिक्षिका के पद पर सरकारी नौकरी लग गई।पत्नी की नौकरी लगने के बाद पंकज ने अपना शोरूम बंद कर दिया और घर पर बच्चों की देखभाल करने लगे। आरोप है कि अब शिक्षिका बनी पत्नी उनके साथ रहने से मना कर रही है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ओरछा रोड पुलिस जांच कर रही है। छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। मामले में तथ्यों की जांच कर दोनों की काउंसलिंग कराई जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर