सेवा संकल्प अभियान 2026
सेवा मेरा योगदान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचे आयुष स्वास्थ्य शिविर
696 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुष चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए किया जागरूक
---
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” गतिविधि के तहत आयुष विभाग द्वारा शुक्रवार को जिले की ग्राम पंचायतों में आयुष हेल्थ चेक-अप कैंप आयोजित किए गए। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविरों में आयुष चिकित्सकों द्वारा रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं योग आदि आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की रोकथाम तथा आयुष चिकित्सा पद्धतियों के लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों में कुल 696 रोगी लाभान्वित हुए। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक आयुष स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही “सेवा मेरा योगदान” की भावना के अनुरूप जनस्वास्थ्य संवर्धन को बढ़ावा देना रहा।
Jansampark Madhya Pradesh #chhatarpur