आजीविका मिशन की दीदियों ने उत्साह के साथ मनाया सामूहिक सेवा संकल्प अभियान एवं नमो युवा शक्ति कार्यक्रम
खेलकूद, बुंदेली लोकगीत, रंगोली, योग, नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के साथ हुआ आयोजन
स्व-सहायता समूह की दीदियों ने साझा की सफलता की कहानियां, विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड देकर किया सम्मानित
---
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सामूहिक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो युवा शक्ति कार्यक्रम का आयोजन 17 सितम्बर 2026 को विकासखंड छतरपुर के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति, लैंगिक समानता तथा नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में दर्शना महिला कल्याण समिति से विभा वैद्य एवं वार्ड पार्षद रामप्रसन्न शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम में शामिल महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं युवतियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
आजीविका मिशन की युवा सलाहकार रुचि सैनी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिला परियोजना प्रबंधक श्याम गौतम के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान एवं नमो युवा शक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिसमें जिले के विभिन्न ग्रामों से आई महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों तथा स्कूल एवं छात्रावास की युवतियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिता, बुंदेली लोकगीत गायन, रंगोली प्रतियोगिता, योग अभ्यास, नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां, जेंडर शपथ, चेयर रेस, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं सफलता की कहानी प्रस्तुति सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही महिलाओं द्वारा गोले की श्रृखला बना कर 76 गुब्बारों को एक साथ छोडा गया।
महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा टीम भावना, अनुशासन, सहयोग एवं सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया गया।
सफलता की कहानियों से साझा किया आत्मनिर्भरता का अनुभव
Jansampark Madhya Pradesh #chhatarpur