सेवा संकल्प अभियान में सामाजिक अधिकारिता का संकल्प, 173 लाभार्थियों को मिले करीब 19 लाख के सहायक उपकरण
दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क उपकरण वितरित कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम
---
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से 17 सितंबर 2026 को अटल सभागार, मोटे के महावीर मंदिर के पास, छतरपुर में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) एवं एडिप योजना (ADIP) के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
शिविर के दौरान एडिप योजना के अंतर्गत 21 लाभार्थियों को 4 लाख 63 हजार 267 रुपये मूल्य के तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 152 लाभार्थियों को 14 लाख 32 हजार 253 रुपये मूल्य के सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस प्रकार कुल 173 लाभार्थियों को 18 लाख 95 हजार 520 रुपये (लगभग 19 लाख रुपये) मूल्य के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर द्वारा किया गया। आयोजन में जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, छतरपुर एवं सी.आर.सी. छतरपुर का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष छतरपुर विद्या हरिओम अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री कौशल सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों में पूर्व नपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, श्री चंद्रभान सिंह गौतम, श्री पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा। सहायक उपकरण प्राप्त होने से लाभार्थियों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। सामाजिक अधिकारिता की यह पहल सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता के संकल्प को मजबूत करते हुए लाभार्थियों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायक बनेगी।
Jansampark Madhya Pradesh #सेवा_संकल्प_अभियान #chhatarpur