राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशे के विरुद्ध गूंजा एक स्वर-सभी ने लिया नशा न करने का संकल्प
नशे के खिलाफ प्रदेशभर में चलाया जा रहा विशेष जागरूकता अभियान
नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को करता है प्रभावित
पंचकूला, 7 अगस्त : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। नशे को समूल नष्ट करने के लिए जहां एक और अपराधियों की धरपकड़ हो रही है वहीं दूसरी और जागरूकता अभियान के अंतर्गत भी युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया जा रहा है।
इस कड़ी में आज पीएमश्री कारगिल शहीद जीएस ढींडसा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिंजौर में नशे को न जीवन को हाँ पर नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 45 वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति के जीवन को नष्ट करता है अपितु परिवार की सुख शांति और समृद्धि के द्वार बंद कर देता है। इसका प्रभाव राष्ट्र के विकास को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करता है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का उद्देश्य हरियाणा को तीन स्तरों पर नशा मुक्त बनाना है। पहला, प्रवर्तन के माध्यम से नशा तस्करों और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उन्हें सलाखों तक पहुँचाना और साथ ही नशे के व्यापार से अर्जित संपत्ति को नष्ट करना। दूसरा, जागरूकता के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना। तीसरा, उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों का उपचार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार नशे की लत से ग्रस्त व्यक्ति को उपचार योग्य पीड़ित मानती है और उसके पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा होता अच्छा तो माँ कहती खा ले मेरे बच्चा। डॉ. वर्मा ने कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 तथा राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में सहयोग देने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश का प्रचार प्रसार का संकल्प लिया।