बेगूसराय:-
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक मनीष द्वारा बरौनी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
Dandari, Begusarai | Jun 14, 2026