सुलभ शौचालय में महिलाओं को मिलेगी नई सुविधा, इंसीनरेटर व सैनिटरी पैड मशीन लगाई
मेयर ने संत निरंकारी भवन के सामने सुलभ शौचालय में उपलब्ध कराई सुविधाओं का किया शुभारंभ
यमुनानगर। स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से वार्ड-09 में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया। अभियान के नगर निगम द्वारा संत निरंकारी भवन के सामने स्थित सुलभ शौचालय के महिला परिसर में सैनिटरी पैड वितरण मशीन व इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनरेटर मशीन स्थापित की गई। इन सुविधाओं से महिला उपयोगकर्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सोमवार को मेयर सुमन बहमनी ने इस सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया और सैनिटरी पैड वितरण मशीन व इंसीनरेटर मशीन का शुभारंभ किया। मेयर ने निरीक्षण के दौरान सुलभ शौचालय की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। महापौर सुमन बहमनी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था व नई सुविधाओं के संचालन की जानकारी ली और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम की टीम द्वारा सार्वजनिक शौचालय के उचित एवं स्वच्छ उपयोग को लेकर नागरिकों को जागरूक किया गया। शौचालय परिसर में ‘क्या करें और क्या न करें’ से संबंधित जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही लोगों को विशेष रूप से संदेश दिया गया कि शौचालय का उपयोग करने के बाद पानी अवश्य प्रवाहित करें और परिसर में किसी प्रकार का कचरा न डालें। मेयर ने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक शौचालयों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। शौचालय में कचरा न डालें, उपयोग के बाद पानी जरूर प्रवाहित करें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, सफाई निरीक्षक अजीत कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार आदि मौजूद रहें।
फोटो कैप्शन - सुलभ शौचालय में स्थापित की गई सैनिटरी पैड मशीन का उद्घाटन करती मेयर सुमन बहमनी।
सुलभ शौचालय का निरीक्षण करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।