रक्तदान को बनाएं जीवन का संकल्प, जरूरतमंदों के लिए आगे आएं : श्याम सिंह राणा
रक्त की हर बूंद अनमोल, दान से बचती जिंदगियां - श्याम सिंह राणा
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम : श्याम सिंह राणा
नगरपालिका रादौर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया रक्तदान शिविर, 40 यूनिट रक्त एकत्रित
यमुनानगर/रादौर। कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक मनुष्य का रक्त ही दूसरे मनुष्य के जीवन को बचा सकता है। रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का अवसर भी प्रदान करता है। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सेवा संकल्प अभियान के तहत रादौर के सफल पैलेस में नगरपालिका की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में करीब 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
मंत्री राणा ने कहा कि देश और प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा पखवाड़े के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रबुद्ध सम्मेलन, स्वास्थ्य जांच शिविर और मैराथन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजन लोगों को सेवा भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का कार्य है। विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों के लिए रक्तदान शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देश का युवा हमेशा रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा में योगदान देता रहा है और आगे भी युवाओं को इस नेक कार्य के लिए आगे आना चाहिए। श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमें देश के महापुरुषों के जीवन से सेवा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है। इसलिए महापुरुषों की जयंती पर रक्तदान जैसे जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित सुबह की सैर और शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। सुबह की सैर शरीर को सक्रिय रखने के साथ-साथ दिनभर ऊर्जा और स्फूर्ति बनाए रखने में सहायक होती है। इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता, नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक, सफाई निरीक्षक सुमित बेंस, को-ऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन धर्म सिंह बंचल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कंबोज, चरण सिंह टोपरा, अमित गर्ग सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
--------------
25 सितंबर को मनाई जाएगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती -
कृषि मंत्री ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, सरपंचों और ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे 25 सितंबर 2026 को सुबह अनाज मंडी रादौर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में परिवार सहित शामिल हों। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन में देशसेवा का जज्बा था। उनका विचार था कि सरकार की योजनाओं और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना को अंत्योदय के रूप में आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंत्योदय की नीति के तहत समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं।
फोटो - रक्तदाताओं को बैच लगाते कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा।