बारुण : एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा, 27 वर्षीय युवक की मौ/त; शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।
#aaptaknewspoint1 #aurangabad #barun #accident #BiharNews
बारुण (औरंगाबाद)। बारुण थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशी बिगहा के समीप नेशनल हाईवे-19 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुंशी बिगहा निवासी दिलकेश्वर राठौर के पुत्र चंचल राठौर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे से आक्रोशित परिजन और स्थानीय ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर एनएच-19 को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा एनएच-19 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी नारायण राय, प्रभारी थानाध्यक्ष रिंकू कुमारी तथा स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मंजीत कुमार पुलिस-प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
प्रशासन की ओर से परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए स्थिति को शांत कराने और यातायात बहाल कराने की कवायद शुरू की।
फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और शोक दोनों का माहौल बना हुआ है। हादसे के कारणों की जानकारी तथा दुर्घटना में शामिल वाहन के संबंध में पुलिस की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।