बारुण : सोननगर अंडरब्रिज में रेलवे पुल के पाया से टकराया बालू लदा 22 चक्का ट्रेलर, चालक फरार। #aaptaknewspoint1 #aurangabad #BiharNews #railway #underpass #accident
टक्कर से ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, साइकिल सवार के घायल होने की सूचना; जर्जर सड़क और जलजमाव को लेकर उठे सवाल
बारुण (औरंगाबाद)। बारुण थाना क्षेत्र के सोननगर रेलवे अंडरब्रिज में शुक्रवार की सुबह बालू लदे 22 चक्का ट्रेलर ने रेलवे पुल के पाया में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बालू लदा ट्रेलर बारुण की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोननगर अंडरब्रिज के समीप वाहन अनियंत्रित होकर रेलवे पुल के पाया से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
साइकिल सवार के घायल होने की सूचना
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के दौरान एक साइकिल सवार के भी घायल होने की सूचना है। घायल को इलाज के लिए डेहरी अस्पताल भेजे जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, तत्काल घायल व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुल के पाया को नुकसान की बात, सुरक्षा को लेकर चिंता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के कारण रेलवे पुल के पाया को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे पुल की संरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुल के पाया का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टक्कर से संरचना को कितना नुकसान हुआ है।
जर्जर सड़क और जलजमाव से बढ़ रही परेशानी
उपप्रमुख प्रतिनिधि सह राजद नेता विजय कुमार यादव, जिनका आवास अंडरब्रिज के समीप है, ने कहा कि सोननगर रेलवे अंडरब्रिज में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कभी बाइक सवार तो कभी साइकिल चालक दुर्घटना की चपेट में आ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज में जलजमाव और सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अंडरब्रिज के आसपास सड़क कई जगह से टूट चुकी है और बारिश के बाद पानी जमा रहने से वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने रेलवे और प्रशासन से जर्जर सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था तथा रेलवे पुल के पाया की सुरक्षा जांच तत्काल कराने की मांग की है।
इधर, बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना को लेकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।