चौपाल विकास खंड की कुताह पंचायत में जिला परिषद अध्यक्ष भोपिंदर सिसोदिया का भव्य स्वागत,
चौपाल की कुताह पंचायत के पराली क्षेत्र के लिए आज का दिन खास रहा। कुताह पंचायत में नवनिर्वाचित जिला शिमला जिला परिषद अध्यक्ष भोपिंदर सिसोदिया और क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर चौहान के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कुताह पंचायत के पराली क्षेत्र में आयोजित इस सम्मान समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष भोपिंदर सिसोदिया और क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर चौहान का फूल-मालाओं और सम्मान के साथ स्वागत किया गया।
ग्राम पंचायत कुताह की प्रधान सुमन पंधान्चा ने जिला परिषद अध्यक्ष भोपिंदर सिसोदिया को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से न केवल कुताह पंचायत और पराली क्षेत्र, बल्कि पूरे चंदलोग-नेरवा वार्ड का नाम रोशन हुआ है।
प्रधान ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और उन्हें उम्मीद है कि भोपिंदर सिसोदिया जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
समारोह में ग्राम पंचायत कुताह के उपप्रधान शमशेर धाजटा, पंचायत सचिव राकेश बिजटा, सभी वार्ड सदस्य तथा पंचायत के समस्त प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान पंचायतवासियों ने दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। समारोह में क्षेत्र की एकजुटता और जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों का सम्मान भी देखने को मिला।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए चौपाल से गिरीश ठाकुर की रिपोर्ट