राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करें- कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित
--
राजस्व प्रकरणों का निराकरण शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। राजस्व प्रकरण सीधे तौर पर आमजन से जुडे होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंब की स्थित स्वीकार्य नही होगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिये।
बैठक में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने कहा कि जिले के नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस हेतु राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों का निपटारा समय सीमा में करें। बैठक में तहसीलवार राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के निराकरण, भू-अभिलेख सुधार तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से जुड़ा विभाग है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। विशेष रूप से नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न करते हुए शीघ्र निराकरण करें । उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय लगाकर लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण पूर्ण गुणवत्ता के साथ कराया जाए। समीक्षा बैठक में भू-अभिलेखों के दुरूस्तीकरण, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण तथा फील्ड निरीक्षण की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए । बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्षाकाल के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में ग्रामों का भ्रमण कर वर्षा से जलभराव की स्थिति से निपटने आवश्यक व्यवस्थाएं एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखी जाएं।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों,जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण,मुख्य सचिव की बैठकों के एंजेडा बिन्दुओं,भू आवंटन,लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय सीमा के आवेदनों का निराकरण,लघु सिंचाई गणना,फार्मर रजिस्ट्री तथा खण्डस्तरीय समितियों की बैठकों के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये ।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर सहित समस्त एसडीएम,तहसीलदार,नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
#ashoknagar