ग्राम की आवश्यकता को दृष्टिगत रखकर ग्राम विकास के कार्य लिए जाएं-कलेक्टर
कलेक्टर ने किया जिला स्तरीय जनसम्मेलन में वीबी-जी रामजी योजना का शुभारंभ
---
ग्राम की आवश्यकता को दृष्टिगत रखकर ग्राम विकास के कार्य कराये जाने हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। जिससे ग्राम के विकास को मूर्त रूप दिया जा सके। यह बात कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने गुरूवार को शासकीय विधि महाविद्यालय अशोकनगर में आयोजित वीबी-जी रामजी योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री साकेत मालवीय सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा मां सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्जवलित एवं कन्या पूजन कर किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक ऐतिहासिक ग्रामीण रोजगार और सामाजिक कल्याण योजना है, जो 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो गई है। इस योजना के माध्यम से रोजगार में वृद्धि कर पात्र ग्रामीण परिवारों को अब एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की गई है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना, स्थायी सामुदायिक संपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण के अनुरूप ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के कार्य लिये जा सकते है।कार्यो का प्राथमिक चयन ग्राम पंचायत द्वारा किया जायेगा। गांव की आवश्यकतानुसार कार्यो को चार प्रमुख भागों में बांटा गया है। जिसमें जल सरंक्षण,ग्रामीण अधोसंरचना,आजीविका का सृजन तथा आपदाओं को कम करने वाले सुधारात्मक कार्यो को रखा गया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यो का प्लान बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाए।
जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर किया सम्मानित
--
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच,सचिव एवं रोजगार सहायकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में हुआ लाईव प्रसारण
--
कार्यक्रम में वीबी-जी रामजी योजना के शुभारंभ का राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया गया। राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में आंध्रप्रदेश के तिरूपति जिले के मुक्कावारिपल्ली ग्राम में किया गया। इस अवसर पर आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन.चन्द्रबाबू नायडू एवं उप मुख्यमंत्री श्री पवन कल्याण तथा केन्द्र कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,जनपद पंचायत अशोकनगर उपाध्यक्ष श्री अभिषेक यादव,सांसद प्रतिनिधि श्री संजीव भारिल्य,श्री हरि सिंह रघुवंशी,श्री सतेन्द्र कलावत, श्री विवेक यादव,श्री धर्मेन्द्र जैन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026