🔳स्कूल में विद्यार्थियों को दी बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी, 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में निकाली गई जागरूकता रैली
🔳कटनी - बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में बाल विवाह की रोकथाम और समाज में जागरूकता लाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। वहीं जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता रैली निकालने के साथ सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*विद्यार्थियों को बताए कानूनी प्रावधान*
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में आयोजित कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे कराने वाले तथा इसमें शामिल परिजनों के लिए भी सजा का प्रावधान है।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शैलजा पाण्डेय ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या आपातकालीन नंबर 112 पर दें। इसके अलावा निकटतम बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी अथवा पुलिस थाने में भी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
*1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में निकाली रैली, ली शपथ*
अभियान के तहत जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में छात्र-छात्राओं, किशोरी बालिकाओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से जागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैली के माध्यम से बाल विवाह रोकने, बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। इसमें विद्यार्थियों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे बाल विवाह के किसी भी प्रयास की जानकारी शासन-प्रशासन को देंगे तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए आगे आएंगे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026