🔳लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ विद्यार्थियों को किया जागरूक, दिलाई शपथ
🔳बाल अधिकार सप्ताह के तहत शासकीय महाविद्यालय रीठी में हुआ आयोजन, बाल विवाह के दुष्परिणामों की भी दी जानकारी
🔳कटनी - बाल अधिकार सप्ताह (14 से 20 नवंबर) के अंतर्गत बाल संरक्षण सप्ताह के छठवें दिवस शासकीय महाविद्यालय रीठी में लिंग आधारित हिंसा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक श्री रुक्मिणी प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अरविंद वासनिक के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसका आयोजन आवाज जनकल्याण समिति कटनी और महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में आवाज जनकल्याण समिति के मनोज कुमार बासरकर ने लिंग आधारित हिंसा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका सुरक्षित बचपन ही मजबूत एवं विकसित राष्ट्र की नींव है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। लिंग के आधार पर बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गरिमा सिंह ने कहा कि बचपन केवल उम्र का पड़ाव नहीं, बल्कि जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों और बाल विवाह निषेध के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। साथ ही समाज में समानता, सम्मान और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. गीता शर्मा, डॉ. पूजा श्रीवास्तव, श्री गौरी शंकर, खुशबू, डॉ. शैल कुमारी, डॉ. मातेश्वरी, श्रीमती मानसी सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026