हादसा: जिला पंचायत सदस्य के पति के एक्सीडेंट का सीसीटीवी आया सामने। वाहन चालक ने कुचला स्कूटी सवार डॉक्टर कैलाश पुष्पवान को । दर्दनाक मौत।
रुद्रप्रयाग: भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. वहीं ऊखीमठ क्षेत्र में भी मातम का माहौल रहा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. पुष्पाण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर ही वे बेहोश हो गए. हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉ. कैलाश पुष्पाण की पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति के रूप में हुई. उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई. रक्षाबंधन की खुशियां देखते ही देखते परिवार के लिए गहरे दुख में बदल गईं.
कैलाश पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे. सेवाभाव और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के कारण उन्होंने लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई थी. उनके असामयिक निधन से क्षेत्र ने एक सरल, संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है. हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहीं डॉ. पुष्पाण के निधन के शोक में ऊखीमठ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है.