ज़ीरो टॉलरेंस पर 21 जून को होगी री-नीट परीक्षा
300 मीटर में नो-एंट्री जोन, जिले के 6 केंद्रों पर 2,222 परीक्षार्थी
सवाई माधोपुर 21 जून 2026 को जिले में आयोजित होने वाली री-नीट यूजी-2026 परीक्षा पूर्व की भांति पूरी तरह सख्ती के घेरे में है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है । किसी भी प्रकार से अव्यवस्था अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के 6 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,222 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 300 मीटर के दायरे में नो-एंट्री जोन लागू रहेगा, जहां अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही एवं भीड़ जुटाने पर पूर्ण प्रतिबंध है।
जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. काना राम द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड एवं सतर्कता दलों का गठन किया गया है, जो परीक्षा दिवस पर लगातार निगरानी रखेंगे।
नीट यूजी-2026 के सह नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान फोटोस्टेट एवं साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र तथा पोस्टकार्ड साइज का फोटो साथ लेकर परीक्षा केंद्र पर प्रातः 11 से दोपहर 1:30 बजे के मध्य परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
दोपहर 1:30 बजे बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थी समय से पूर्व परीक्षा केंद्र का भौतिक सत्यापन कर लें, जिससे परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2 बजे से 5:15 के मध्य होगा। 720 अंकों के इस प्रश्नपत्र में कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे।
जिले में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (दक्षिण ब्लॉक), राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिटी, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवाई माधोपुर तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सवाई माधोपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।