*मुख्य राजस्व अधिकारी बस्ती ने प्रातः 6 बजे नगर पंचायत भानपुर का किया औचक निरीक्षण* घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़े के ढेर और नाला सफाई व्यवस्था का लिया जायजा; ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत अधिकारियों ने खुद की सड़क की सफाई*
जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 22 सितंबर 2026
* नगर पंचायत भानपुर में मंगलवार को मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) कीर्ति प्रकाश भारती ने एसडीएम/ईओ नगर पंचायत भानपुर राजेश यादव के साथ नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। सुबह-सुबह पहुंचे अधिकारियों ने नगर की सफाई व्यवस्था, घर-घर कूड़ा संग्रहण, चौराहों की साफ-सफाई, कूड़े के ढेर और नालियों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल कार्यक्रम प्रबंधक SBM अमरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था में सुधार और गंदगी वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
CRO कीर्ति प्रकाश भारती और एसडीएम/ईओ राजेश यादव ने नगर पंचायत के विभिन्न प्रमुख स्थानों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान चौराहों पर सफाई की स्थिति, सड़क किनारे साफ-सफाई, कूड़ा उठान तथा घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को देखा गया। अधिकारियों ने यह भी जानकारी ली कि नगर के सभी वार्डों में कूड़ा संग्रहण वाहन नियमित रूप से पहुंच रहे हैं या नहीं और घरों से निकलने वाले कूड़े का उचित तरीके से संग्रहण एवं निस्तारण किया जा रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान नगर में पाए गए कूड़े के ढेर और नालियों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने गंदगी वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। कई स्थानों पर नालियों की सफाई व्यवस्था को देखा गया तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नालियों को खुलवाकर सफाई कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालियां जाम रहने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए नियमित रूप से नालियों की सफाई कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान एक देसी शराब की दुकान के आसपास बहुत गंदगी पायी गयी, जिस पर CRO द्वारा अत्यंत रोष प्रकट किया गया तथा वहाँ पर तत्काल सफाई कराये जाने का निर्देश आबकारी अधिकारी बस्ती को तथा EO नगर पंचायत भानपुर को निर्देशित किया। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि एक अभियान चला कर जनपद की सभी नगर निकायों में स्थित शराब की दुकानों के आसपास इकट्ठा कूड़ा का निस्तारण वैधानिक तरीके से कराया जाय और सभी दुकानदारों को निर्देशित किया जाये कि भविष्य में कूड़ा न इकट्ठा हो बल्कि कूड़े को उचित तरीके से नगर पंचायत को ही दिया जाये।
CRO ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर नगर की सड़कों, गलियों और नालियों पर भी दिखाई देना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के नागरिकों से भी संवाद किया। नागरिकों से सफाई व्यवस्था, कूड़ा संग्रहण और नालियों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। CRO कीर्ति प्रकाश भारती ने नागरिकों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें। घरों से निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ा संग्रहण वाहन को दें तथा सार्वजनिक स्थानों, नालियों और सड़कों पर कूड़ा न डालें।
नगर पंचायत के निरीक्षण के साथ ही CRO ने नगरीय निकाय निदेशालय द्वारा आयोजित DCC बैठक में भी प्रतिभाग किया। बैठक में नगरीय निकाय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा नगर निकायों में चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नगर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा संग्रहण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
*‘सेवा ही संकल्प’ अभियान में अधिकारियों ने खुद संभाली झाड़ू*
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत CRO एवं एसडीएम/ईओ नगर पंचायत भानपुर राजेश यादव ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सड़क मार्ग की सफाई की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं सड़क पर उतरकर सफाई किए जाने से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना केवल नगर पंचायत या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
*सफाई व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
निरीक्षण के अंत में CRO ने नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर कूड़ा संग्रहण को नियमित बनाए रखने, प्रमुख चौराहों एवं मार्गों की लगातार सफाई कराने, कूड़े के ढेर हटाने तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान CRO, एसडीएम/ईओ नगर पंचायत भानपुर राजेश यादव, मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेंद्र सिंह एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 22, 2026