जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा को संबल बने इं. अरविन्द पाल, बांटे स्कूल बैग और शैक्षणिक सामग्री
बेलवाडाड़ी मोहल्ले के 10 विद्यार्थियों को मिली मदद, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
बस्ती। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बनकटी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि इं. अरविन्द पाल ने सराहनीय पहल की। सोमवार को उन्होंने बेलवाडाड़ी मोहल्ले के 10 जरूरतमंद छात्रों के बीच स्कूल बैग एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण कर उनकी पढ़ाई में सहयोग किया। इस पहल से विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इं. अरविन्द पाल को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि बेलवाडाड़ी मोहल्ले में अविनाश श्रीवास्तव की पत्नी संज्ञा श्रीवास्तव जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करती हैं। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो जाने से उनकी पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी। इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए अरविन्द पाल ने तत्काल संपर्क किया और सोमवार को विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें स्कूल बैग व अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट की।
इस अवसर पर इं. अरविन्द पाल ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए जब भी उन्हें ऐसी कोई सूचना मिलेगी, वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बादशाही अखाड़े के संचालक कैलाशी कुलवेन्द्र सिंह सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Basti, Basti | Sep 21, 2026